प्रतिनिधि, गुमला
गुमला शहर के गौस नगर निवासी एक युवती ने अपने मंगेतर और उसके परिजनों पर शादी से इनकार करने, दहेज की मांग करने, मारपीट, धमकी देने तथा मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए गुमला थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. शिकायतकर्ता फलक नाज ने पुलिस को दिये आवेदन में कहा है कि उसकी शादी गोरानगर निवासी मोहम्मद शाहिद से तय हुई थी. आरोप है कि शादी तय होने के बाद लड़का पक्ष ने पहले करीब एक लाख रुपये नकद लिए और बाद में शादी के लिए एक बाइक तथा तीन लाख रुपये नकद की अतिरिक्त मांग करने लगे. मांग पूरी नहीं होने पर शादी करने से इनकार कर दिया.
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि मंगलवार को युवती के भांजे मोहम्मद अरशद के साथ मोहम्मद शाहिद एवं उसके साथियों ने लाठी और चाकू लेकर मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी. युवती का कहना है कि आरोपी पहले भी उसके रिश्ते कहीं और तय होने पर उसे तोड़ने की कोशिश करता था और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था. शिकायत के अनुसार, दोनों के बीच पहले से परिचय और संबंध था.
युवती ने आरोप लगाया है कि मोहम्मद शाहिद अक्सर जबरन उसके घर पहुंचता था और मिलने का दबाव बनाता था. मना करने पर शादी नहीं करने की धमकी देता था. आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि 14 जुलाई 2026 की रात करीब 12.30 बजे मोहम्मद शाहिद अचानक युवती के घर की छत पर पहुंच गया. इसकी जानकारी मिलने पर परिजनों ने लड़के के घरवालों को सूचना दी. लेकिन आरोप है कि बाद में उसकी मां ने भी शादी से साफ इनकार कर दिया. पीड़िता ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है. वहीं, इस मामले में दूसरे पक्ष का बयान सामने नहीं आया है. पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
