गुमला. सदर थाना के डुमरला गांव से घरेलू हिंसा का मामला प्रकाश में आया है. इस गांव में पति ने पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी. घायल महिला की मौत इलाज के दौरान गयी. मृतका की पहचान 24 वर्षीय सरोजनी कुमारी के रूप में हुई है, जो नवीन सिंह पेट्रोल पंप में फ्यूल देने का काम करती थी. मृतका के पिता कार्तिक उरांव व माता सुशीला देवी के अनुसार मारपीट की यह घटना बीते सोमवार की शाम को हुई थी. आरोपी पति संदीप उरांव की पिटाई से सरोजनी गंभीर रूप से घायल हो गयी थी. घटना के बाद आरोपी पति ने ही उसे सदर अस्पताल गुमला में भर्ती कराया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया. रिम्स न जाकर पति ने जशलोक अस्पताल रांची में उसे भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया. मृतका के पिता कार्तिक उरांव और माता सुशीला देवी ने अपने दामाद संदीप उरांव पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है. गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर उसे परिजनों को सौंप दिया व आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. परिजनों के अनुसार संदीप अक्सर अपनी पत्नी पर बेवजह का शक करता था.
घरेलू हिंसा की शिकार महिला की मौत, आरोपी पति गिरफ्तार
घरेलू हिंसा की शिकार महिला की मौत, आरोपी पति गिरफ्तार
