तकनीकी शिक्षा व कौशल विकास पर ध्यान दे रहा है कॉलेज : निदेशक

गुमला पॉलिटेक्निक कॉलेज में सत्र 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू

गुमला पॉलिटेक्निक कॉलेज में सत्र 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू गुमला. गुमला पॉलिटेक्निक कॉलेज में गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर निदेशक अभिजीत कुमार ने वर्ष 2025-26 में छात्रों के कैंपस प्लेसमेंट व शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए पाठ्यक्रमों, प्रवेश मानदंडों, संकाय क्रेडेंशियल्स और गुमला पॉलिटेक्निक द्वारा अपने छात्रों को प्रदान किये जाने वाले व्यापक शैक्षिक अनुभवों को साझा किया. उन्होंने कहा कि संस्थान ने विगत वर्षों में प्लेसमेंट के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. वर्ष 2025-26 में मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, सिविल, ऑटोमोबाइल एवं माइनिंग इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों का चयन देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ है. कहा कि यह उपलब्धि कॉलेज के उच्च गुणवत्ता वाले तकनीकी प्रशिक्षण, अनुभवी संकायों एवं उद्योगों से मजबूत संबंधों का परिणाम है. नामांकन के संबंध में निदेशक ने कहा कि संस्थान आधुनिक तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास पर विशेष ध्यान दे रहा है. सत्र 2026-27 में संस्थान में सिविल इंजीनियरिंग में 90 सीट, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 90 सीट, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 90 सीट, माइनिंग इंजीनियरिंग में 30 सीट व बीसीए में 60 सीटों पर नामांकन लिया जा रहा है. इसके अलावा कार्यरत युवाओं के लिए डिप्लोमा फॉर वर्किंग प्रोफेशनल कार्यक्रम के अंतर्गत सिविल में 30 सीट, इलेक्ट्रिकल 30 सीट व माइनिंग इंजीनियरिंग 30 सीटों में विशेष पाठ्यक्रम सत्र 2025-26 से संचालित किया जा रहा है, जिससे कार्यरत पेशेवर अपने तकनीकी ज्ञान व कौशल को और बेहतर बना सकेंगे. शासी निकाय की सदस्या रेणुका यशस्वी ने कहा कि गुमला पॉलिटेक्निक कॉलेज का उद्देश्य केवल तकनीकी शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि छात्रों को उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल व आत्मनिर्भर बनाना है. प्राचार्य डॉक्टर शिबा नारायण साहू, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अजीत कुमार शुक्ल तथा प्रशिक्षण एवं नियोजन अधिकारी अमित रंजन ने कहा कि गुमला पॉलिटेक्निक कॉलेज झारखंड के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य निर्माण हेतु सदैव प्रतिबद्ध है. बताया कि सत्र 2026-27 में नामांकन के लिए इच्छुक छात्र कॉलेज कार्यालय से नामांकन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं तथा अधिक जानकारी के लिए कॉलेज परिसर अथवा आधिकारिक वेबसाइट से संपर्क कर सकते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >