बिना नाली बनाये दो लाख रुपये की निकासी

शिकायत की गंभीरता से की जायेगी जांच, दोषियों पर होगी कार्रवाई : बीडीओ

घाघरा. घाघरा प्रखंड की रुकी पंचायत अंतर्गत बड़ा अजियातू गांव में नाली निर्माण कार्य में गड़बड़ी का मामला सामने आया है. आंगनबाड़ी केंद्र से जलमीनार तक 200 फीट व जलमीनार से मुख्य सड़क तक 200 फीट नाली निर्माण की योजना वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृत हुई थी. इस वर्ष दोनों योजनाओं से लगभग एक-एक लाख रुपये की राशि निकासी गयी है. लेकिन आज तक नाली निर्माण के लिए एक कुदाल तक नहीं चलायी गयी है. ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत के तत्कालीन सचिव आशिक मीर ने फर्जी वाउचर बना कर राशि की निकासी कर ली. इस पूरे खेल में बिचौलियों की मिलीभगत बतायी जा रही है. पूर्व में भी आशिक मीर पर घूस मांगने का आरोप लग चुका है, जिस पर प्रखंड स्तर पर जांच चल रही है. पंचायती राज प्रखंड समन्वयक विपिन कुमार की भूमिका भी संदेह के घेरे में है. सवाल उठ रहा है कि राशि की निकासी के बाद भी योजना स्थल पर कोई कार्य क्यों नहीं हुआ और समन्वयक ने वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना क्यों नहीं दी. ग्रामीणों का कहना है कि समन्वयक अक्सर ऐसे मामलों में लीपापोती कर अधिकारियों को गुमराह करते हैं. इस पूरे प्रकरण ने प्रखंड प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है. ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. इस संबंध में बीडीओ दिनेश कुमार से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मामला बेहद गंभीर है. इसकी गंभीरता से जांच की जायेगी. बीडीओ ने कहा कि जो भी व्यक्ति दोषी पाये जायेंगे, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >