गुमलाः राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (माय भारत) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में 27 अगस्त 2026 को विकसित भारत युवा कनेक्ट खेल संस्करण कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा. कार्यक्रम केओ कॉलेज, गुमला और परमवीर अल्बर्ट एक्का मेमोरियल कॉलेज, चैनपुर में आयोजित होगा.
राष्ट्रीय खेल दिवस प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी एवं देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है. विकसित भारत युवा कनेक्ट खेल संस्करण का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, सक्रिय सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है.
ये भी पढ़ें- मोबाइल चोरी करते पकड़ाया युवक, लोगों ने पोल से बांधकर पीटा
1600 स्थानों पर होगा प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन
27 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन देशभर के करीब 1600 स्थानों पर प्रसारित किया जायेगा. इसके माध्यम से आठ लाख से अधिक युवाओं और विद्यार्थियों के एक साझा राष्ट्रीय मंच से जुड़ने की उम्मीद है. कार्यक्रम के जरिये देश के विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं को खेल, सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर संवाद का अवसर मिलेगा.
युवाओं से अधिकाधिक भागीदारी की अपील
मेरा युवा भारत, गुमला की ओर से जिले के युवाओं और विद्यार्थियों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गयी है. आयोजकों ने युवाओं से राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है.
ये भी पढ़ें- झारखंड के 35 हजार स्कूलों में कल से शुरू होगा राष्ट्रीय खेल दिवस आयोजन
