गुमला. रायडीह थाना अंतर्गत कांसीर गांव निवासी 40 वर्षीय विकास कुमार पंडा को सोमवार की अहले सुबह तीन सांप ने डस लिया. सांप के डसने के बाद परिजन तत्काल उसे लेकर सदर अस्पताल गुमला पहुंचे, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. लेकिन परिजन इस बात को मानने के लिए तैयार ही नहीं थे कि विकास कुमार पंडा की मौत हो चुकी है. कई घंटे तक परिजन उसके शरीर में तेल की मालिश करते रहे. सुबह होते-होते सदर अस्पताल गुमला के शव गृह के सामने लोगों की भीड़ लग गयी. सदर अस्पताल गुमला में इलाज कराने आयी एक मुस्लिम महिला ने तंत्र-मंत्र व झाड़-फूंक कर उसे जिंदा करने का दावा किया. उसने भी अंधविश्वास का खेल खेला, परंतु मृत विकास पंडा को वह जीवित नहीं कर सकी. किसी के कहने पर परिजन प्याज को काट कर उसके रस को मृत शरीर के नाक व मुंह में डालें और टुकड़े को नाक के पास भी रखा. काफी प्रयास करने के बाद भी शरीर में कोई हलचल नहीं हुई. तब परिजन गांव में ही किसी द्वारा डायन बिसाही करने की बात को लेकर गांव में ही उसके नाम से जादू टोना और झाड़-फूंक करवाये. इधर, सोमवार की सुबह 8.00 बजे डॉक्टर ने पोस्टमार्टम के लिए ओडी स्लिप गुमला थाना भेज दिया. परिजनों ने बताया रात के सोमवार की रात करीब दो बजे विकास मुंडा शौच के लिए घर से बाहर निकला था, तभी सांप उसे डस लिया. विकास के चिल्लाया और उसे हिचकी होने लगी. तब तक घर के सभी लोग जमा हो गये और उसे तुलसी पानी और गंगाजल पिलाया. इसके बाद विकास का शरीर शांत हो गया. इधर, सदर अस्पताल में डॉक्टर ने बताया सांप के डसने से उसकी मौत हुई है. गुमला थाना के एसआइ अरविंद कुमार ने शव का पंचनामा के उपरांत सोमवार की सुबह 10 बजे पोस्टमार्टम कराया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
