भरनो. भरनो प्रखंड के डुबो कांशीटोली गांव निवासी राजेश उरांव के घर में बीती रात करीब 11 बजे आग लग गयी. राजेश ने बताया कि दीपावली को लेकर घर में दीये जलाये गये थे. रात में खाना खाने के बाद पत्नी व बच्चे सो गये और वह दोस्तों के साथ घूमने निकल गया. रात करीब 11 बजे अचानक से एक कमरे में दीया से आग लग गयी. आग लगने के बाद पत्नी की आंख खुली. पत्नी ने घर में आग लगी देख शोर मचाया. इसके बाद आसपास के लोग पहुंचे और किसी प्रकार आग पर काबू पाया. आग पर काबू पाने तक कमरे में रखा 20 हजार रुपये नगद व करीब 50 हजार रुपये के समान जल गये.
किराना स्टोर में लगी भीषण आग, मालकिन झुलसी
गुमला से 18 किमी दूर स्थित पूर्वी क्षेत्र के मुरकुंडा गांव में शुभम किराना स्टोर में दीपावली की रात भीषण आग लग गयी. इस आगजनी में दुकान की मालकिन झुलस गयी. वहीं पूरी दुकान जल कर नष्ट हो गयी. इसमें करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है. आग कैसे लगी, यह स्पष्ट नहीं हुआ है. हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी है, तो कुछ लोगों ने कहा कि दुकान में दीया जल रहा था. उसी से दुकान में आग लगी है. इधर आग लगते गांव के सैकड़ों लोग जमा हो गये. सभी लोग आग बुझाने का प्रयास करते रहे. परंतु धधकती आग को बाल्टी के पानी से बुझा पाने में लोग असमर्थ रहे. अंत में दमकल गाड़ी आयी, जिससे आग पर काबू पाया गया. लेकिन तब तक पूरा दुकान जल कर नष्ट हो गयी. दुकानदार ने कहा कि उसके पास जीविका का यही दुकान सहारा था. दुकान जलने से पूरी पूंजी खत्म हो गयी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
