गुमला. नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम अंतर्गत आकांक्षी प्रखंड डुमरी में संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में हुई. बैठक में एडीपी व एबीपी अंतर्गत नीति आयोग द्वारा निर्धारित प्रमुख संकेतकों के आधार पर विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गयी. स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में उपायुक्त ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संकेतकों पर ध्यान देने का निर्देश दिया. उन्होंने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार, समय पर एएनसी एक व एएनसी चार जांच तथा शत प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने की बात कही. उपायुक्त ने कम वजन वाले नवजात शिशुओं की पहचान व समुचित प्रबंधन, पूर्ण टीकाकरण, टीबी उन्मूलन अभियान तथा सिकल सेल एनीमिया की शत-प्रतिशत जांच व उपचार को प्राथमिकता देने के निर्देश दिया. शिक्षा विभाग की समीक्षा में उपायुक्त ने शौचालय, पेयजल, जलमीनार एवं विद्युत आपूर्ति जैसी आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा. उपायुक्त ने सभी विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छता सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर बल दिया. साथ ही फाउंडेशनल लर्निंग को प्राथमिकता देते हुए शिक्षकों को नवाचारी शिक्षण पद्धतियां अपनाने व बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार के लिए सशक्त प्रयास करने के निर्देश दिया. एलडीएम/बैंक प्रबंधन को बीसी के माध्यम से अधिकाधिक महिलाओं के बैंक खाते खोलने तथा पशुपालन विभाग को पशुओं के नियमित टीकाकरण, पशु बीमा योजनाओं के प्रचार-प्रसार व पशुपालकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने सभी विभागों को अपने-अपने विभागीय कार्यों की अद्यतन जानकारी एमआइएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने का निर्देश दिया. उन्होंने डाटा की गुणवत्ता, समयबद्ध अद्यतन व नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान देने की बात कही, ताकि नीति आयोग को सटीक व समय पर सूचना उपलब्ध करायी जा सके. उपायुक्त ने कहा कि डुमरी प्रखंड को एक आदर्श आकांक्षी प्रखंड बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वित, योजनाबद्ध ल परिणामोन्मुख कार्यशैली अपनानी होगी. उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जायेगी. बैठक में उपविकास आयुक्त गुमला, जिला योजना पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी डुमरी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, एलडीएम गुमला, जिला शिक्षा पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.
विभागीय कार्यों की जानकारी एमआइएस पोर्टल पर अपलोड करें : उपायुक्त
आकांक्षी प्रखंड डुमरी में संचालित विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक
