गुमला. पालकोट रोड स्थित हिंदुस्तान होटल के सामने सोमवार को दिन-दहाड़े हुई मारपीट की घटना से इलाके में हड़कंप मच गयी. घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. इलाज के बाद थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी है. जानकारी के अनुसार, राजा कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय तसवर खान अपने टेंपो में सवारी बैठा रहा था. इस दौरान अचानक दो टेंपो से करीब 10 से 15 लोग मौके पर पहुंच लाठी-डंडे व चाकू लेकर हमला कर दिया. हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से तसवर खान पर हमला किया, जिससे वह घायल हो गया. घायल के अनुसार हमला करने में अजीत सिंह, सुजीत सिंह, सुमन सिंह और अन्य अज्ञात लोग शामिल थे. हमले के दौरान तसवर खान के साथ मौजूद साजिद खान को भी बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह भी घायल हो गया. घायलों ने इलाज कराने के बाद गुमला थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
युवक पर लाठी से हमला, मामला दर्ज
गुमला. गुमला के पतराटोली गांव में बाबूलाल उरांव पर लाठी से जानलेवा हमला किया गया है. घायल अवस्था में बाबूलाल उरांव करीब सात किमी पैदल चल थाना पहुंच घटना की जानकारी पुलिस को दी. पीड़ित ने बताया कि घटना के दिन वह नाश्ता करने के बाद अपने घर के बाहर पुआल पर सो रहा था. इस दौरान दो से तीन अज्ञात लोगों ने उस पर अचानक लाठी से हमला कर दिया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. बाबूलाल उरांव ने आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे उसकी पत्नी जुली देवी का हाथ हो सकता है. उसने बताया कि उसकी पत्नी पहले से ही उसे जान से मारने की धमकी दे रही थी और किसी से संपर्क में होने की बात सामने आयी है. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
