गुमला. गुमला प्रखंड के चुहरू गांव में बुधवार को अपराह्न चार बजे वज्रपात हुआ. घटना में चुहरू गांव निवासी 55 वर्षीय सुना उरांव व सात वर्षीय छात्र संगम उरांव की मौत हो गयी, जबकि मृतक सुना उरांव की नतिनी पांच वर्षीय अक्षिता कुमारी घायल हो गयी. घायल का इलाज गुमला सदर अस्पताल में चल रहा है. जानकारी के अनुसार मृतक सुना उरांव अपनी नतिनी अक्षिता कुमारी को लेने कीता गांव स्थित शाति निकेतन स्कूल गये थे. साथ में गांव का एक छात्र संगम उरांव को लेकर घर लौट रहे थे. इस दौरान बरांग गांव जाने वाले पुल के पास अचानक वज्रपात हो गया, जिसकी चपेट में आकर सुना उरांव व संगम उरांव की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि अक्षिता कुमारी घायल हो गयी. स्थानीय राहगीरों ने तत्काल घर वालों की घटना की सूचना दी. इसके बाद तीनों को गांव ले जाया गया. सुना व संगम को ग्रामीणों ने गोबर के गड्ढे में डाल दिया. एंबुलेंस आने के बाद तीनों को सदर अस्पताल लाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने सुना उरांव व संगम उरांव को मृत घोषित कर दिया गया. घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
