गुमला. गुमला के जारी थाना क्षेत्र स्थित जरडा पंचायत अंतर्गत मंगरु तल्ला गांव में रविवार की शाम पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में दो बुजुर्ग भूषण खेरवार (60) और बुधराम खेरवार (70) की हुई हत्या मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के अंदर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है.
पुरानी रंजिश को लेकर हुई थी हत्या
पुलिस के अनुसार रविवार नौ अगस्त की शाम करीब छह बजे मंगरु तल्ला गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गये. आरोप है कि इस दौरान गांव के कुछ लोगों ने भूषण खेरवार और बुधराम खेरवार पर लाठी-डंडे से हमला किया तथा पत्थर से गंभीर चोट पहुंचायी, जिससे दोनों बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गयी.
ये भी पढ़ें: गुमला में होटल से लौट रहे युवक के साथ मारपीट, रिम्स में भर्ती
पुलिस अन्य की संलिप्तता की भी कर रही है जांच
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गयी. चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे. दोनों मृतक गांव में खेतीबारी कर अपना जीवन यापन करते थे. घटना की सूचना मिलते जारी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए दुर्गा खेरवार, बोधा खेरवार, जगन्नाथ खेरवार और नवरत्न खेरवार को गिरफ्तार कर लिया. थाना प्रभारी सन्नी कुमार ने बताया कि आरोपियों से आगे की पूछताछ की जा रही है तथा मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है.
