गुमला. आदिवासी समाज गुमला के तत्वावधान में शुक्रवार को पालकोट रोड टेंपो स्टैंड स्थित झंडा पूजा स्थल पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में जिला कृषि पदाधिकारी (डीएओ) गुमला विजय कुजूर की सेवानिवृत्त होने पर उन्हें विदाई दी गयी. समाज के अगुवागणों ने श्री कुजूर को शॉल ओढ़ा कर सम्मानित किया और भेंट स्वरूप पौधे देकर प्रदान किया. डीएओ विजय कुजूर ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में आना-जाना लगा रहता है. लेकिन यहां लोगों और समाज के साथ मेरा जुड़ाव हमेशा बना रहेगा. समाजसेवी सह सेवानिवृत्त डीडीसी पुनई उरांव ने कहा कि श्री कुजूर ने डीएओ के पद पर रहते हुए जिले में कृषि क्षेत्र में बेहतर काम किये हैं. उन्होंने प्रशासनिक सेवा में रहते हुए समाज के लिए काम किये. उन्होंने उम्मीद की कि श्री कुजूर समाज से जुड़े रहेंगे और सामाजिक कार्यों में सहभागिता निभाते रहेंगे. इससे पूर्व विभिन्न गांव व टोलों से पहुंचे समाज के लोगों ने ढोल-नगाड़ों की थाप व नृत्य व गीत की प्रस्तुति दी. मौके पर समाजसेवी जगन्नाथ उरांव, महेंद्र उरांव, हंदू भगत, ज्योति कुजूर, शांति बिलुंग, शिरोमणि खड़िया, मनोज चीक बड़ाइक, शिव प्रसाद उरांव, विनोद मिंज आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।