गुमला. गुमला के कोयंजारा महुआटोली व कोयंजारा खास गांव के बीच डैम से मछली लूटने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन दिया है, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना है. मामले को लेकर रविवार को गांव की महिलाओं ने थाना पहुंच कर गांव के कई ग्रामीणों पर डैम से जबरन मछली निकाल कर ले जाने और मारपीट करने का आरोप लगाया था. महिलाओं ने इस संबंध में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई करने की मांग की थी. सोमवार को कोयंजारा खास गांव के ग्रामीण बड़ी संख्या में थाना पहुंच इन आरोपों को पूरी तरह झूठा व निराधार बताया. ग्रामीणों ने करीब 100 लोगों का हस्ताक्षरयुक्त आवेदन थाना को सौंपते हुए कहा है कि उनके खिलाफ साजिश के तहत गलत आरोप लगाया जा रहा है. कोयंजारा पक्ष के ग्रामीणों के अनुसार डैम पहले समिति के माध्यम से महुआटोली के ग्रामीणों को लीज पर दिया गया था. इसके बदले सालाना 3000 रुपये जमा करना तय था. समय पर राशि जमा नहीं होने के कारण समिति ने लीज रद्द कर दिया और बाद में महुआटोली निवासी प्रभात साहू को 5000 रुपये में लीज दिया गया. हालांकि प्रभात साहू भी निर्धारित राशि जमा करने में असमर्थ रहे. इसके बाद समिति ने बैठक कर डैम को सार्वजनिक घोषित कर दिया. ग्रामीणों के अनुसार 29 मार्च को कोयंजारा समिति ने सामूहिक रूप से मछली पकड़ने का निर्णय लिया. इस क्रम में गांव के लोग डैम पर मछली मारने पहुंचे थे. आरोप है कि मछली पकड़ने के दौरान ही महुआटोली के कुछ ग्रामीण जबरन दो बोरा मछली उठा कर ले गये जो करीब दो क्विंटल मछली था. मछली जबरन ले जाने और विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज की गयी. दोनों पक्षों द्वारा थाना में शिकायत दर्ज कराये जाने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गयी है.
डैम से मछली लूटने के विवाद ने पकड़ा तूल, दूसरा पक्ष ने भी पहुंचा थाना
डैम से मछली लूटने के विवाद ने पकड़ा तूल, दूसरा पक्ष ने भी पहुंचा थाना
