प्रतिनिधि, रायडीह रायडीह प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायडीह में नवजात शिशु की बिक्री किये जाने से संबंधित गंभीर मामला प्रकाश में आया है. इस संवेदनशील एवं जनहित से जुड़े विषय पर उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने त्वरित संज्ञान लेते हुए इसे शीर्ष प्राथमिकता में रखा है. उन्होंने जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिया है. उक्त प्रकरण की सत्यता की जांच एवं तथ्यों की पुष्टि के लिए उपायुक्त के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी गुमला की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है. जिसमें सिविल सर्जन गुमला व बीडीओ रायडीह को सदस्य बनाया गया है. समिति को दो दिनों के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन जिला प्रशासन को प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है. समिति द्वारा स्थल निरीक्षण कर संपूर्ण घटनाक्रम से संबंधित सभी पहलुओं की जांच की जायेगी. जिसमें स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक, कर्मचारियों, अस्पताल प्रबंधन, नवजात शिशु के परिजनों एवं संभावित बाहरी व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल की जायेगी. उपायुक्त ने कहा है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अवैध गतिविधि पाये जाने की स्थिति में दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
