बिशुनपुर. थाना क्षेत्र के रेहेटोली गांव में शनिवार को सड़क दुर्घटना में बाहागड़ा निवासी वीरेंद्र मुंडा (15) की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वहीं उसके तीन साथी दिलमत उरांव, सिरमन मुंडा व मनीनाय उरांव घायल हो गये. जानकारी के अनुसार बाहागड़ा गांव के चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर घाघरा प्रखंड के शिवराजपुर गांव करमा पर्व मनाने गये थे. वहां से खुशी-खुशी पर्व मना कर लौट रहे थे. जैसे वे रेहेटोली गांव के समीप पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वीरेंद्र मुंडा की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि अन्य तीन युवक बुरी तरह घायल अवस्था में तड़पते रहे. आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिशुनपुर पहुंचाया गया.
नहाने के क्रम में तालाब में डूबा बच्चा, तलाश जारी
गुमला. गुमला शहर के हुसैन नगर में शनिवार को 10 वर्षीय अतीफ मीर नहाने के दौरान तालाब में डूब गया. वह हुसैन नगर में अपने पिता मीर रेजाबुल के साथ किराये के मकान में रहता था. बताया गया कि अतीफ अपने तीन से चार दोस्तों के साथ दोपहर में नहाने के लिए निकला था. सभी बच्चे तालाब में मस्ती कर रहे थे कि अचानक अतीफ गहरे पानी की ओर चला गया और देखते ही देखते डूब गया. घटना के बाद उसके साथी बच्चों ने शोर मचाया. इसके बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गयी. देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. पूरा हुसैन नगर जो मुस्लिम बहुल इलाका है. स्थानीय पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से बच्चे की तलाश शुरू कर दी गयी. देर शाम तक खोज अभियान जारी था. लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया था.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
