गुमला में सर्पदंश से छात्र की मौत, दो अन्य अस्पताल में भर्ती

गुमला जिले में सांप के काटने की तीन अलग-अलग घटनाओं से दहशत है। एक छात्र की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पूरी खबर पढ़ें।

गुमला: जिले में सर्पदंश की तीन अलग-अलग घटनाओं ने लोगों में दहशत फैला दी है. इनमें सुरसांग थाना क्षेत्र के गड़गड़लोगरा निवासी 16 वर्षीय बलराम सिंह की सर्पदंश से मौत हो गयी, जबकि रायडीह और डुमरी थाना क्षेत्रों के दो अन्य लोग इलाजरत हैं. बलराम सिंह बीती रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने भाई ललित सिंह के साथ पलंग पर सोने चला गया.

देर रात किसी विषैले सांप ने उसे डस लिया. रात करीब तीन बजे तबीयत बिगड़ने पर उसने परिजनों को आवाज लगायी. आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. आर्थिक तंगी से परिजन शव लेकर वापस घर लौट गये.

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने परिजनों को पोस्टमार्टम कराने के लिए सदर अस्पताल भेजा. बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. बलराम सिंह राजकीय उत्क्रमित मवि प्लस टू सुरसांग का 10वीं कक्षा का छात्र था.

इधर सदर थाना क्षेत्र के भरदा निवासी 30 वर्षीय मोहन गोप मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे खेत में रोपा लगाने के दौरान सर्पदंश का शिकार हो गये. उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

डुमरी थाना के डांगरडीह निवासी 65 वर्षीय विक्रम भगत मंगलवार करीब 11 बजे खेत में बीड़ा तैयार करने के दौरान सांप के डसने से गंभीर रूप से घायल हो गये. उन्हें डुमरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सदर अस्पताल गुमला रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >