गुमला. रायडीह प्रखंड के मांझाटोली में 30 दिसंबर को होने वाले अंतरराज्यीय जन सांस्कृतिक समागम समारोह सह कार्तिक जतरा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी. इसको लेकर कमेटी के सदस्यों ने शुक्रवार को प्रेस काॅन्फ्रेंस किया. पूर्व विधायक शिवशंकर उरांव ने कहा है कि तीन राज्यों के लोगों के समन्वय पर आदिवासी शक्ति स्वायतशासी विवि निर्माण समिति का गठन किया गया और वर्ष 2010 से प्रतिवर्ष शंख नदी तट मांझाटोली में कार्तिक जतरा का आयोजन किया जा रहा है. वर्ष 2025 का कार्तिक जतरा गुमला वासियों के लिए गौरव का पल होगा. समागम में बतौर मुख्य अतिथि देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी, जबकि तीनों राज्य के मुख्यमंत्री झारखंड से हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ से विष्णुदेव साय और ओड़िशा से मोहन चरण मांझी ने समारोह में शामिल होने की सहमति प्रदान की है. इसके अलावा एसटी आयोग के अध्यक्ष फगन लाल गुलस्ते, केंद्रीय जनजातीय मंत्री जुएल उरांव भी कार्यक्रम में शामिल होंगे. 29 दिसंबर को जन सांस्कृतिक समागम होगा, जिसमें तीनों राज्य के लगभग 1000 नृत्य खोड़हा दल प्रदर्शन करेंगे और 30 दिसंबर को होनेवाले मंचीय कार्यक्रम में शामिल होंगे. समारोह में एक लाख से अधिक लोगों के जुटने की संभावना है. समारोह को सफल बनाने में प्रशासनिक सहयोग मिल रहा है. प्रेस काॅन्फ्रेंस में जशपुर जनपद के प्रमुख गंगा राम भगत, जग नारायण सिंह, मांगू उरांव, देवेंद्र उरांव, संतन राम भगत आदि शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
