शिवभक्तों ने कतारबद्ध होकर की भगवान शिव की पूजा

महाशिवरात्रि. अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये गये थे मंदिरों के पट्ट

गुमला. महाशिवरात्रि पर्व पर जिले के शिवालयों व देवालयों में सनातन धर्मावलंबियों की भीड़ उमड़ी. महाशिवरात्रि पूजनोत्सव को लेकर अहले सुबह ही मंदिरों के पट्ट शिवभक्तों के लिए खोल दिये गये थे. गुमला के श्री बुढ़वा महादेव मंदिर करमटोली में शिवभक्त पूजा की थाल सजा कर अहले सुबह से ही पहुंचने लगे थे. महाशिवरात्रि को लेकर श्री बुढ़वा महादेव मंदिर समिति द्वारा मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया था. मंदिर में भगवान शिव की पूजा करने के लिए शिवभक्तों की लंबी-लंबी लाइन लगी रही. शिवभक्तों ने भक्तिमय माहौल में भगवान शिव को जलाभिषेक कर विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. इस दौरान शिवभक्तों में हर्ष, उत्साह, भक्ति व आस्था का संगम देखने को मिला. पूजा-अर्चना के बीच शिवभक्तों ने हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे लगाये गये. पूजा के दौरान मंदिर में बजे रहे भगवान शिव के भक्तिमय गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा. पूजा के बाद शिवभक्तों के बीच प्रसाद वितरित किया गया. श्री बुढ़वा महादेव मंदिर समिति ने मंदिर परिसर में महाभंडारा लगाया, जिसमें भक्तों ने कतारबद्ध होकर महाभंडारा का प्रसाद खीर, पुड़ी, बुंदिया व सब्जी ग्रहण किया. रात में जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें धनबाद व जमशेदपुर के कलाकारों ने एक से बढ़ कर भक्ति गीत प्रस्तुत किये. कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष विनय कुमार गुप्ता, विजय गुप्त, शिव गुप्त, राजकुमार गुप्ता, सुखदेव लोहरा, सूरज गुप्ता, विष्णु गुप्ता, पूर्वी गुप्ता, कृष्णा बड़ाईक, देवेंद्र लाल उरांव, सावन कुमार, पवन कुमार, जागू उरांव समेत अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >