पालकोट. पालकोट के करौंदाबेड़ा निर्मला सेवा आश्रम में तीन पुरोहित शहीदों की 32वीं पुण्यतिथि समारोह में बसिया एसडीपीओ शिव शंकर मरांडी व पालकोट बीडीओ विजय उरांव यातायात व्यवस्था की कमान संभाले हुए दिखे. तीन पुरोहित शहीदों की पुण्यतिथि के अवसर पर हर साल दो सितंबर को झारखंड-उड़ीसा मुख्य पथ स्थित पालकोट के करौंदाबेड़ा में सड़क किनारे मेला लगता है.
इस दौरान आवागमन प्रभावित होता है. जिसे ध्यान में रखते हुए एसडीपीओ व बीडीओ बसिया रोड मोड़ पालकोट के समीप बैरियर लगाकर भारी वाहनों को रोकते हुए नाथपुर गांव के समीप टेंगरिया भाया बागेसेरा होते हुए बघिमा रूट से सभी वाहनों को परिचालन कराया. वहीं करौंदाबेड़ा के समीप भी बैरियर लगाकर समारोह में भाग लेने आये लोगों को चौकटंगरा गांव के पास वाहनों को खड़ा कर पैदल भेजा गया.
बघिमा गांव के पास से भी वाहनों को बागेसेरा गांव होते हुए टेंगरिया, नाथपुर से पालकोट बसिया मोड़ रोड में वाहनों का परिचालन कराया गया. मौके पर बसिया सर्किल पुलिस निरीक्षक गुलशन भेंगरा, पालकोट थाना प्रभारी अंकित राज, एसआई रामचंद्र यादव, एएसआई प्रमोद कुमार, संतोष कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी व जवान मौजूद थे.
