गुमला. गुमला जिले में सरना बचाओ आंदोलन शुरू होगा. आंदोलन की शुरुआत 12 अक्तूबर से गुमला के तिर्रा डुमरटोली गांव से होगी. 12 अक्तूबर को दिन के 11 बजे सरना समुदाय रूढ़ीवादी परंपरा व्यवस्था को मानने वाले उरांव, मुंडा, खड़िया आदि समुदाय को आमंत्रित किया गया है. सरना समिति गुमला के अध्यक्ष हंदु भगत व कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार भगत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा है कि आंदोलन में सरना समुदाय के लोग उपस्थित होकर समाज को आगे बढ़ाने में सहयोग प्रदान करें. आंदोलन के मुख्य बिंदुओं में सरना पूजा स्थल को बचाना है. सभी गांव में घूमकुड़िया भवन निर्माण कराना है, गांवों में स्वास्थ्य संबंधी उपकेंद्रों को दुरुस्त कराना है, गांव के स्कूलों को दुरुस्त कराना है, पेसा अधिनियम लागू करने के लिए सरकार पर दबाव बनाया जायेगा, कुड़मी-कुरमी को आदिवासी में शामिल नहीं होने दिया जायेगा, टीनटांगर पतराटोली सरना स्थल, चैनपुर में बने गिरजाघर व ग्रोटो को अविलंब खाली कराने के लिए आंदोलन करेंगे, सादा पट्टा पर आदिवासी जमीन की खरीद-बिक्री को बंद कराने के लिए आंदोलन शुरू करेंगे. हंदु भगत ने कहा है कि सामाजिक व धार्मिक जमीन जैसे पहनाई, मुंडाई, पुजारी, महतो, कोटवारी, डाली कटारी, भुइहरी, जतरा स्थल, सरना, मसना, देशवाली को सरकार चिह्नित कर उसे सुरक्षा प्रदान करे, एनआइसी द्वारा ऑनलाइन में गड़बड़ी को सुधार किया जाये, अंचल द्वारा खतियानी जमीन को ऑनलाइन नहीं करने के खिलाफ आंदोलन होगा. आदिवासी लोहरा की खतियानी जमीन को लोहार, जेनरल जमीन बता कर खरीद-बिक्री करने पर रोक लगायी जाये. गैर मजरूआ जमीन को फर्जी कागज बना कर बिक्री करने पर रोक लगे. रेकॉर्ड रूम में बहुत से मौजा का खतियान फाड़ दिये जाने की सीबीआइ से जांच हो, एसएआर कोर्ट को सशक्त बनाया जाये, गैर आदिवासी द्वारा आदिवासी महिला को दूसरी, तीसरी पत्नी बना कर उसके नाम से जमीन खरीद-बिक्री पर रोक लगे. सीएनटी एक्ट को सख्ती से लागू किया जाये आदिवासी जमीन की खरीद-बिक्री में थाना क्षेत्र की बाध्यता समाप्त किया जाये. मौके पर महासचिव प्रवीण उरांव, सोमेश्वर उरांव, सुको देवी, दुर्गी कुमारी, देशा उरांव, मनीष उरांव, विश्वनाथ उरांव, भरत उरांव, बंधन उरांव, दशमी उरांव, तेतरू उरांव, सुमित उरांव व विशेश्वर उरांव आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
