सिसई. सरस्वती विद्या मंदिर कुदरा में गुरुवार को वंदना सभा के दौरान अखिल भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा महाभियान का शुभारंभ हुआ. प्रधानाचार्य देवेंद्र वर्मा, समाजसेवी शंभू सिंह चौहान तथा मदन साहू ने संयुक्त रूप से परीक्षा विवरणिका का लोकार्पण किया. प्रधानाचार्य देवेंद्र वर्मा ने बताया कि संस्कृति ज्ञान परीक्षा का आयोजन प्रतिवर्ष विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान, कुरुक्षेत्र द्वारा किया जाता है.
परीक्षा में कक्षा तृतीय से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं. इसके अलावा प्रवेशिका, मध्यमा, उत्तमा और प्रज्ञा जैसी विशेष परीक्षाओं के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के लोग इससे जुड़ सकते हैं. यह परीक्षा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आयोजित की जाती है. बताया कि परीक्षा से दो माह पूर्व प्रतिभागियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध करायी जाती है, जिससे उन्हें अपनी समृद्ध संस्कृति और विरासत को जानने-समझने का अवसर मिलता है.
विद्यालय स्तर पर परीक्षा आयोजित होने के बाद उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कुरुक्षेत्र में किया जाता है और उत्तीर्ण प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किये जाते हैं. शंभू सिंह चौहान ने सभी विद्यार्थियों से इस परीक्षा में बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया.
