मांगें पूरी नहीं हुईं, तो होगा उग्र आंदोलन

पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति ने दिया धरना, तीन सूत्री मांगों को लेकर उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

गुमला. पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति झारखंड के बैनर तले गुमला के कचहरी मैदान स्थित हड़ताली पेड़ के समीप बुधवार को पिछड़ी जातियों के साथ हो रहे सौतेला व्यवहार के विरोध में एकदिवसीय धरना व प्रदर्शन किया गया. धरना के बाद समिति की ओर से गुमला उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी गयीं. पहली मांग में कहा गया कि दक्षिणी छोटा नागपुर प्रमंडल के गुमला समेत झारखंड के सात जिलों में नौकरी, शिक्षा समेत अन्य सभी क्षेत्रों में पिछड़ी जातियों को आरक्षण से शून्य कर दिया गया है. समिति ने मांग की कि शून्य प्रावधान को हटाकर बिहार-झारखंड के संयुक्त काल की तरह इन जिलों में पिछड़ों को पुनः 27 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाये. दूसरी मांग नगर निकाय चुनाव से संबंधित है. समिति ने दक्षिणी प्रमंडल के जिलों में पिछड़ी जातियों को आबादी के आधार पर आरक्षण सुनिश्चित करने की मांग की. ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि इन जिलों में पिछड़ी जातियों की जनसंख्या 40 से 50 प्रतिशत होने के बावजूद किसी भी जिले में वार्ड पार्षद का समुचित आरक्षण नहीं दिया गया है. गुमला जिले में 22 वार्ड होने के बावजूद 45 प्रतिशत पिछड़ी आबादी के अनुपात में मात्र दो सीटें आरक्षित की गयी हैं, जिनमें एक पिछड़ी- एक और एक पिछड़ी- दो के लिए है. तीसरी मांग पेसा कानून 2025 से संबंधित है. समिति का आरोप है कि झारखंड सरकार द्वारा लागू पेसा कानून में इन जिलों की पिछड़ी जातियों को बाहर कर दिया गया है. इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए पिछड़ी जातियों को पेसा कानून के दायरे में शामिल करने का आग्रह किया गया. धरना सभा में निर्णय लिया गया कि यदि झारखंड सरकार इन मांगों पर शीघ्र विचार कर समाधान नहीं करती है, तो समिति राजभवन तक आंदोलन करेगी और सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन किया जायेगा. वक्ताओं ने कहा कि पिछड़ा समाज अब किसी हाल में अपना अधिकार लेकर रहेगा. धरना में केंद्रीय अध्यक्ष उदासन नाग, केंद्रीय महासचिव दिलीप नाथ साहू, केंद्रीय कोषाध्यक्ष रामप्रसाद साहू समेत अजीत विश्वकर्मा, शहजाद अनवर, सुनील साहू, रंजीत सोनी, चंदर गोप, अशोक यादव, दुर्गा साहू, अर्चना साहू, बसंती साहू, उषा कुमारी, प्रेमिका देवी, सौडेश्वरी साहू, आरती देवी, नीतू देवी, किरण देवी, ललिता देवी, लक्ष्मण सिंह, ज्योति सिंह, राम सिंह, भुनेश्वर साहू, जय किशोर, कर्म सिंह, सुरेंद्र साहू, अमर सिंह, बुधराम, तुलसी, सुरेश, गणेश, खिलेश्वर, रिझू साहू, रंजीत साहू, एमडी कलाम अंसारी, संगीता देवी, विकास साहू, संतोष साहू, दीपू ठाकुर, नरेश जायसवाल आदि उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >