जारी(गुमला). शराब पीने से मना करने पर पुत्र ने अपने पिता की हत्या कर दी. यह मामला गुमला जिले के जारी थाना क्षेत्र स्थित गोविंदपुर पंचायत के कमलपुर गांव गांव का है. पुत्र सचिन भगत ने अपने पिता सहलू उरांव (45) की हत्या कर दी. घटना के बाद मृतक की पत्नी जगमैत देवी ने जारी पुलिस को घटना की सूचना दी. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी आदित्य कुमार व एसआइ रमेश महतो ने हत्या के आरोपी पुत्र सचिन भगत को गिरफ्तार कर लिया. वहीं मृतक सहलू उरांव के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. बताया जा रहा है कि सहलू नशे का आदी था. वह अक्सर घर में रखे धान के बेच देता था और उससे मिले पैसे से शराब पीता था. इस बात को लेकर दोनों पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया. अक्सर पिता अपने बेटे को शराब पीने से मना करता था. साथ ही धान भी बेचने से मना किया था. घटना के संबंध में मृतक की पत्नी जगमैत उरांव ने बताया कि दोनों पिता-पुत्र के बीच आपसी विवाद हुआ. इसके बाद सचिन ने घर में रखे बसुला से सहलू के सिर पर वार कर दिया, जिससे सहलू की मौके पर ही मौत हो गयी. इधर, पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
