गुमला : जिले में झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन सोसायटी (जेएसएलपीएस) और भारतीय प्रबंधन संस्थान इनक्यूबेशन एंड मेंटरशिप इनिशिएटिव के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को झारखंड उद्यम संवर्धन कार्यक्रम शुरू हुआ. उपायुक्त कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त दिलेश्वर महतो, डीडीसी अनिमेष रंजन, जिप अध्यक्ष किरण बाड़ा, जिप उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी, आइआइएम इनक्यूबेशन से अश्रुता सिंह व आलोक रंजन तथा जेएसएलपीएस डीपीएम शैलेंद्र जरिका ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
सफल उद्यमों से सीखकर नये कारोबार बढ़ाने पर जोर
उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की सराहना की. उन्होंने रागी प्रसंस्करण इकाई और कस्तूरी उत्पाद जैसे ग्रामीण उद्यमों का जिक्र करते हुए सफल गतिविधियों से सीख लेकर नये उद्यम विकसित करने पर जोर दिया. उन्होंने महिला उद्यमियों को उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेजिंग में सुधार करने तथा बाजार की मांग के अनुरूप कारोबार विकसित करने के लिए प्रेरित किया.
होमस्टे और रेंटल सर्विस की संभावनाएं
डीडीसी अनिमेष रंजन ने जिले की स्थानीय संभावनाओं के अनुरूप नये उद्यम विकसित करने पर जोर दिया. उन्होंने गुमला आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए होमस्टे, टू-व्हीलर रेंटल सर्विस और भोजनालय जैसे सेवा आधारित स्थानीय उद्यम शुरू करने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला.
जिप अध्यक्ष किरण बाड़ा और जिप उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी ने उद्यमी दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम ग्रामीण विकास और महिला उद्यमिता को नयी दिशा देने वाली महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने महिलाओं को सरकार और संस्थागत स्तर पर उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया.
