बालू चोरों को पकड़ने रात को निकले अधिकारी, बालू लदा हाइवा जब्त

गुमला में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने रात में छापेमारी की. एसडीओ के नेतृत्व में बालू लदा हाइवा जब्त कर चालक पर प्राथमिकी दर्ज की गई है.

प्रतिनिधि, गुमला

गुमला में प्रशासन अब बालू चोरों को पकड़ने में दिन-रात मेहनत कर रही है. रात के अंधेरे में पुलिस बल के साथ अधिकारी नदी व घाटों में बालू चोरों को खोजते नजर आ रही है. उपायुक्त के निर्देश पर जिले में अवैध बालू उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में एसडीओ अखिलेश कुमार के नेतृत्व में बुधवार की रात को जिला टास्क फोर्स ने सिसई थाना क्षेत्र में औचक छापेमारी की. अभियान में एसडीओ के साथ अंचल अधिकारी सिसई, थाना प्रभारी सिसई, खान निरीक्षक गुमला तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

छापेमारी के दौरान मौजा रेड़वा में ओलमुंडा से एनएच-43 की ओर जा रहे बालू लदे हाईवा (जेएच-01एफके-1260) को रोका गया. जांच के दौरान चालक बालू परिवहन से संबंधित कोई वैध चालान प्रस्तुत नहीं कर सका. ऑनलाइन जेआइएमएमएस पोर्टल पर भी वाहन के नाम से कोई चालान निर्गत नहीं पाया गया. जांच में हाइवा पर लगभग 800 घनफीट बालू लदा मिला. पूछताछ के दौरान चालक वाहन सहित भागने का प्रयास करते हुए महूदा गांव के समीप सड़क किनारे बालू गिराने लगा, लेकिन पुलिस दल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.

बरामद बालू को स्थानीय चौकीदार की निगरानी में जिम्मेनामा पर सुरक्षित रखा गया है. एसडीओ अखिलेश कुमार ने कहा कि बिना वैध पट्टा या अनुज्ञप्ति के खनिज का उत्खनन और परिवहन खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा संबंधित नियमावलियों के तहत दंडनीय अपराध है. उन्होंने कहा कि उपायुक्त के निर्देशानुसार अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी. इस मामले में वाहन चालक, खलासी एवं वाहन मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Durjay paswan

Published by: Amleshnandan Sinha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >