तीन नवंबर से 27 नवंबर तक सभी प्रखंडों में होगा सोशल ऑडिट : ललन

जिला स्तरीय प्रारंभिक बैठक सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

गुमला. राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) अंतर्गत संचालित योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट) के लिए जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग गुमला द्वारा जिला स्तरीय प्रारंभिक बैठक सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को टाउन हॉल गुमला में किया गया. संचालन सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक ललन कुमार रजक ने किया. मौके पर श्री रजक ने बताया कि जिले में आगामी माह तीन नवंबर से 27 नवंबर के बीच सभी प्रखंडों में सामाजिक अंकेक्षण का कार्य किया जाना है. श्री रजक ने सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया, उद्देश्य व जन कल्याणकारी योजनाओं में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करने में इसकी भूमिका की जानकारी दी. कहा कि राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धा पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, दिव्यांग पेंशन योजना व राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना का सामाजिक अंकेक्षण किया जाना है. जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी ने सभी संबंधित कर्मियों से अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी व गंभीरता से करने की बात कही. उन्होंने कहा कि यह कार्य काफी महत्वपूर्ण है और इससे यह सुनिश्चित होगा कि पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे. बीडीओ अशोक कुमार चोपड़ा ने कहा कि योग्य लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने व अयोग्य नागरिकों का नाम समय पर विलोपित करने से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनी रहती है. कार्यक्रम में जिलांतर्गत विभिन्न पंचायतों के पंचायत सेवक, आंगनबाड़ी सेविकाएं, प्रखंड कर्मी, कंप्यूटर ऑपरेटर व झारखंड सोशल ऑडिट सोसाइटी की टीम के सदस्य शामिल रहें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >