गुमला: झारखंड के गुमला जिले के बसिया थाना क्षेत्र के पोकटा गांव में जमीन विवाद को लेकर एक भतीजे ने अपनी 62 वर्षीय चाची की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी. घटना शुक्रवार सुबह उस समय हुई, जब महिला खेत में रोपा लगाने गई थी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
खेत में रोपा कर रही थी महिला
जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार सुबह की है। पोकटा निवासी मोहन महतो की 62 वर्षीय पत्नी सुकरी देवी सुबह अपने खेत में धान का रोपा कर रही थीं. जिस जमीन पर वह काम कर रही थीं, उसे लेकर परिवार में पहले से विवाद चल रहा था.
विवाद के बाद कुदाल से किया हमला
बताया गया कि इसी दौरान सुकरी देवी का भतीजा शिवनारायण महतो कुदाल लेकर खेत पहुंचा. चाची को खेत में काम करते देख दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर उसने कुदाल से हमला कर दिया. हमले में सुकरी देवी की मौके पर ही मौत हो गई.
ये भी पढ़ें: जर्जर सड़क बनी विद्यार्थियों की पढ़ाई में सबसे बड़ी बाधा, कई बच्चों ने विद्यालय जाना किया बंद
ये भी पढ़ें: JPSC Student Protest: सरकार और छात्रों के बीच बातचीत खत्म, नहीं बनी सहमति, जारी रहेगा आंदोलन
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही बसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया. पुलिस ने आरोपी शिवनारायण महतो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. मामले की जांच जारी है.
