गुमला: ग्राम सेवा पथ ट्रस्ट एवं क्रिएटिव यूनिट डिस्कवरी प्लेटफार्म मल्टीपरपस बिजनेस सिस्टम के कार्यालय, नेचर क्योर सेंटर और शिव वेलनेस क्लिनिक का सोमवार को उद्घाटन किया गया. नगर परिषद अध्यक्ष शकुंतला उरांव कार्यक्रम की मुख्य अतिथि और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे. ब्रह्माकुमारी बहनों और विभिन्न विद्यालयों से पहुंची छात्राओं ने रिबन काटकर और दीप प्रज्वलित कर केंद्र का उद्घाटन किया.
उद्घाटन समारोह के दौरान अतिथियों को कांस्य चिकित्सा पद्धति के माध्यम से चिकित्सा सेवा भी दी गयी. नगर परिषद अध्यक्ष शकुंतला उरांव ने कहा कि गुमला में इस तरह के चिकित्सा और प्राकृतिक उपचार केंद्र की शुरुआत लोगों के लिए अच्छी पहल है. इससे लोगों को वैकल्पिक उपचार पद्धतियों की जानकारी मिलेगी और वे इनका लाभ उठा सकेंगे.
ये भी पढ़ें- सरकार के साथ छात्रों की वार्ता चंद घंटो में, नतीजे पर टिकीं सबकी निगाहें
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा और सेवा से जुड़े संस्थानों के शुरू होने से लोगों को पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के बारे में जानकारी मिलेगी. साथ ही बच्चों की प्रतिभा को भी प्रोत्साहित करने का अवसर मिलेगा. उन्होंने लोगों से ऐसे केंद्रों की सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की.
कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक पंकज कुमार और विवेक कुमार, अधिवक्ता मैनेजर साहू, पंचू साहू, डोमा साहू, अमित कुमार, केदार प्रसाद, लक्ष्मण सागर, ब्रह्माकुमारी पूर्णिमा दीदी, सुचिता, कुसुम और मंगल भाई सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और शहरवासी मौजूद रहे. समारोह में शामिल अतिथियों को औषधीय पौधे भेंट किए गए. इनमें आंवला, बहेड़ा और अर्जुन सहित अन्य पौधे शामिल थे. इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया.
