गुमला : नगर परिषद की ओर से शहर को रोशन और सुंदर बनाने के लिए बिजली खंभों पर लगायी गयी तिरंगा लाइट को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं. शहर के लोगों का कहना है कि कुछ माह पहले लगायी गयी कई लाइटें अब खराब होने लगी हैं. कई जगहों पर लाइट लगी ही नहीं है, जबकि कुछ स्थानों पर इनके खराब होने की शिकायत है.
लाइट की खरीद में गड़बड़ी का आरोप
शहर के युवा समाजसेवी रजनीश ने कहा कि शहर को सुंदर बनाने की पहल अच्छी है, लेकिन इसमें पारदर्शिता जरूरी है. उन्होंने तिरंगा लाइट की खरीद में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बिजली खंभों पर लगी लाइटें अब काम नहीं कर रही हैं. रात में कई स्थानों पर लाइट नहीं जलती है. उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग की.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जहां अधिकारियों का आना-जाना अधिक है, वहां लगी लाइटें खराब नहीं हुई हैं. इसे लेकर उन्होंने सवाल उठाया है.
विकास कार्यों को लेकर भी उठाये सवाल
सागर उरांव ने कहा कि वह लगातार नगर परिषद से जुड़ी खबरों को देख रहे हैं. उन्होंने नगर परिषद में कथित भ्रष्टाचार को लेकर अधिकारियों की चुप्पी पर सवाल उठाया. उनका कहना है कि नगर परिषद बोर्ड के गठन के बाद से विकास कार्यों को लेकर लगातार विवाद सामने आ रहे हैं.
सागर उरांव ने कहा कि गुमला छोटा शहर है और यहां तेजी से विकास होना चाहिए. उन्होंने कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए उपायुक्त से टीम गठित करने की मांग की, ताकि शहर के विकास के लिए खर्च की जा रही राशि का सही उपयोग सुनिश्चित हो सके.
