PNB के 1 करोड़ के लोन में गड़बड़ी का आरोप, मुकेश ट्रेडिंग के प्रोपराइटर पर केस

पंजाब नेशनल बैंक ने मुकेश ट्रेडिंग पर 1 करोड़ रुपये के लोन में हेराफेरी का आरोप लगाया है. बैंक का कहना है कि फर्म के मालिक ने स्टॉक में भारी कमी की और लोन की राशि का दुरुपयोग किया, जिससे करीब 1.35 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

गुमलाः पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की गुमला शाखा ने मुकेश ट्रेडिंग के प्रोपराइटर मुकेश कुमार सिंह के खिलाफ बैंक से लिए गए ऋण में अनियमितता, स्टॉक की भारी कमी और ऋण राशि के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए गुमला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. बैंक के अनुसार, मामले में करीब 1.35 करोड़ रुपए के नुकसान की आशंका है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

चावल और अनाज के कारोबार के लिए लिया था ऋण

बैंक के शाखा प्रबंधक अमित कुमार राणा की ओर से दर्ज शिकायत के अनुसार, मुकेश ट्रेडिंग के प्रोपराइटर मुकेश कुमार सिंह ने चावल एवं अन्य अनाज के कारोबार के लिए पीएनबी की गुमला शाखा से ऋण सुविधा का अनुरोध किया था. इसके बाद बैंक ने 27 सितंबर 2023 को फर्म के लिए एक करोड़ रुपए की सीसी/ओटीएच क्रेडिट लिमिट स्वीकृत की थी. इसके लिए विभिन्न ऋण दस्तावेज भी निष्पादित किए गए थे.

ये भी पढ़ें- कैरो में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई करमा पूर्व संध्या, 30 खोड़ाहा दलों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति

निरीक्षण में स्टॉक की भारी कमी मिली

शिकायत के अनुसार, ऋण की सुरक्षा के लिए फर्म का स्टॉक बैंक के पक्ष में हाइपोथिकेट किया गया था. 12 सितंबर 2026 को बैंक अधिकारियों ने फर्म के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया. इस दौरान दुकान में स्टॉक की भारी कमी पाई गई. बैंक का आरोप है कि स्टॉक में मिली कमी से प्रथम दृष्टया यह संकेत मिला कि हाइपोथिकेट किए गए स्टॉक की बिक्री कर ऋण राशि से संबंधित धन का कथित तौर पर दूसरे कार्यों में इस्तेमाल या डायवर्ट किया गया.

शो-कॉज नोटिस का जवाब नहीं देने का आरोप

स्टॉक में कमी मिलने के बाद बैंक की ओर से 14 सितंबर 2026 को मुकेश ट्रेडिंग के प्रोपराइटर मुकेश कुमार सिंह को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया. नोटिस के माध्यम से दो दिनों के भीतर जवाब मांगा गया था. बैंक के मुताबिक निर्धारित अवधि बीतने के बावजूद अब तक कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ.

ये भी पढ़ें- Giridih में जंगली बिरनियों का आतंक, 100 से ज्यादा घायल और 4 की मौत; अब महिला पर हमला

सहयोगियों से मिलीभगत का भी आरोप

बैंक ने शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष ने अज्ञात सहयोगियों एवं अन्य लोगों के साथ मिलीभगत कर बैंक की राशि का कथित तौर पर दुरुपयोग किया और बैंक को आर्थिक नुकसान पहुंचाते हुए स्वयं अनुचित लाभ हासिल किया. शिकायत में आपराधिक विश्वासघात, धन के गबन, धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र सहित भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की मांग की गई है.

मुकेश ट्रेडिंग समेत अन्य को बनाया आरोपी

बैंक ने प्राथमिकी में मुकेश ट्रेडिंग, उसके प्रोपराइटर मुकेश कुमार सिंह, अज्ञात सहयोगियों तथा अज्ञात लोक सेवकों को आरोपी बनाया है. शिकायत के आधार पर गुमला थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दुर्जय पासवान

दुर्जय पासवान ने वर्ष 2001 से पत्रकारिता की शुरुआत की. दैनिक जागरण में दो साल काम करने के बाद 2003 में वे प्रभात खबर से जुड़े. इसके साथ ही नयी दुनिया अखबार, प्रहार मैगजीन में भी अपनी सेवा दी. इसके बाद 2010 में वे दैनिक भास्कर गुमला का ब्यूरो इंचार्ज के रूप में काम शुरू किये. भास्कर में पांच साल सेवा देने के बाद दोबारा 2014 में प्रभात खबर में ब्यूरो इंचार्ज के रूप में वापसी की. तब से अबतक प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने नक्सलियों से जुड़ी खबरें, नक्सली घटनाएं, ग्राउंड रिपोर्ट, प्राचीन और ऐतिहासिक धरोहरों की खोज से संबंधित खबरों पर अच्छा काम किया. इन्हीं खबरों ने उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में पहचान दी. दुर्जय पासवान बहुत लगन से अपना सभी काम का पूरा करते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >