गुमला : सदर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली नाबालिग छात्रा के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है. शहर के एक नामचीन इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा पिछले एक सप्ताह से लापता है. परिजनों ने अपने स्तर से काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. बुधवार को छात्रा के माता-पिता और भाई सदर थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित आवेदन देकर उसे जल्द खोजने की गुहार लगायी.
परिजनों ने पुलिस को मौखिक रूप से कुछ लोगों के नाम बताते हुए छात्रा के अपहरण की आशंका भी जतायी है. आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है और छात्रा की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों की जानकारी जुटायी जा रही है.
स्कॉलरशिप की राशि का चेक लेने कॉलेज गयी थी
परिजनों के अनुसार, छात्रा बीते बुधवार को सुबह करीब 10 बजे घर से इंटर कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी. उसने बताया था कि उसके खाते में स्कॉलरशिप के करीब तीन हजार रुपये आये हैं और उसका चेक कॉलेज से लेना है. इसी काम के लिए वह घर से निकली थी. खास बात यह है कि छात्रा अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गयी थी.
निर्धारित समय के बाद भी छात्रा घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर तलाश करने के बावजूद उसका पता नहीं चला. एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ गयी है.
