गुमला: गुमला जिले के डुमरी में एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार रविवार की रात सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र की एक नाबालिग बच्ची लापता हो गयी है. सूचना मिलतेही पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से देर रात तक बच्ची की तलाश की. लेकिन उसका पता नहीं चल सका.
रात करीब एक बजे बच्ची स्वयं अपने घर लौट आयी. इसके बाद उसने पुलिस को बताया कि चैनपुर निवासी संतोष लोहरा जो उसी गांव में रह रहा था, शाम के समय उसे अपने साथ जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया और उसे घायल कर दिया.
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्यवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पीड़िता का गुमला सदर अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया. पुलिस ने बताया कि आरोपी को सोमवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया जायेगा.
