गुमला. पंचायती राज विभाग गुमला की तरफ से जेआइएमटीएम स्किल्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से शुक्रवार को नगर भवन गुमला में पंचायत उन्नति सूचकांक (पाई 2.0) विषय पर कार्यशाला हुई. इसमें विभिन्न जिलों व प्रखंड स्तरीय विभागों के पदाधिकारी, कर्मी व पंचायत प्रतिनिधि शामिल हुए. उदघाटन डीडीसी दिलेश्वर महतो समेत अन्य पदाधिकारियों ने किया. डीडीसी ने पंचायत उन्नति सूचकांक के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह सूचकांक देश की 2.50 लाख से अधिक ग्राम पंचायतों की प्रगति को मापने का एक परिवर्तनकारी उपकरण है. इससे पंचायतों के प्रदर्शन को सतत विकास लक्ष्यों के स्थानीय रूपों के साथ जोड़ कर आंका जाता है. डीडीसी ने पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से कहा कि मिल कर योजनाओं को धरातल पर उतारें व पंचायतों को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करें. कार्यशाला में मुख्य प्रशिक्षक निकोलस सुरीन ने सभी प्रतिभागियों को पंचायत उन्नति सूचकांक (पाई 2.0) के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया.
एसडीओ की पहल सराहनीय : उपाध्यक्ष
गुमला. झारखंड फेडरेशन चेंबर ऑफ काॅमर्स गुमला के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने गुमला एसडीओ राजीव नीरज की पहल का स्वागत किया है. श्री कुमार ने कहा है कि धनतेरस व दीपावली पर्व को लेकर एसडीओ ने अतिक्रमण हटाओ अभियान पर रोक लगा दी दिया है. साथ ही पर्व के बाद अब यह अभियान चलाने की बात कही है. निश्चित रूप से पर्व से लोगों का रोजगार जुड़ा रहता है. ऐसे में प्रशासन ने दूर-दराज से गुमला शहर आकर दुकान लगाने वालों को राहत दी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
