गुमला: लायंस क्लब गुमला फैमिली द्वारा सामाजिक सेवा और मानवता के उद्देश्य से गुमला स्थित वृद्धाश्रम में विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया. गुमला के प्रसिद्ध मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल केयर एडवांस की संचालिका एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ पूजा प्रसाद के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम ने शिविर में अपनी सेवाएं प्रदान कीं.
केयर एडवांस की टीम द्वारा वृद्धाश्रम में निवास करने वाले बुजुर्गों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया. जांच के दौरान बुजुर्गों का रक्तचाप, रक्त शर्करा, वजन, सामान्य स्वास्थ्य, हृदय गति तथा उम्र से संबंधित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की गयी.
लायंस क्लब गुमला फैमिली के सदस्यों ने वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के साथ आत्मीयता से बातचीत की. सदस्यों ने उनका हालचाल जाना. स्वास्थ्य जांच शिविर के साथ-साथ क्लब द्वारा बुजुर्गों के बीच नाश्ता एवं कपड़ों का वितरण भी किया गया.
अध्यक्ष लायन शिशिर गुप्ता ने कहा कि समाज के बुजुर्ग हमारी संस्कृति, परंपरा, अनुभव और ज्ञान के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं. उन्होंने कहा, 'बुजुर्गों ने अपना पूरा जीवन परिवार और समाज के निर्माण में लगाया है. आज हमारी जिम्मेदारी है कि हम उनके स्वास्थ्य, सम्मान और आवश्यकताओं का ध्यान रखें.
क्लब एडमिनिस्ट्रेटर लायन श्वेता गुप्ता ने कहा, 'बुजुर्गों को सबसे अधिक आवश्यकता अपनापन और सम्मान की होती है. क्लब के सचिव लायन प्रकाश गुप्ता ने कहा कि 'स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से बुजुर्गों को एक ही स्थान पर निःशुल्क जांच और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया.
डॉ पूजा प्रसाद ने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ शरीर में कई प्रकार के बदलाव होते हैं और बुजुर्गों को नियमित स्वास्थ्य जांच की विशेष आवश्यकता होती है. लायन अंजना ने कहा कि बुजुर्गों की सेवा करना समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में से एक है.
लायन रंजीत ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों और संस्थाओं को जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए. लायन अर्चना ने कहा कि वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के चेहरे पर आयी मुस्कान ही इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी सफलता है. लायन जया ने कहा कि यह कार्यक्रम सेवा, करुणा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है.
