गुमलाः शहर के दुंदुरिया बस स्टैंड के पास नेशनल हाईवे किनारे वर्षों पुराना एक पेड़ पूरी तरह सूख चुका है. इसकी सूखी और कमजोर डालियां सड़क की ओर झुकी हुई हैं. ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
व्यस्त सड़क पर हर समय रहती है आवाजाही
यह मार्ग काफी व्यस्त है. यहां हमेशा वाहनों और राहगीरों की आवाजाही लगी रहती है. स्थानीय लोगों के अनुसार, पेड़ की कई डालियां पहले भी टूटकर सड़क पर गिर चुकी हैं. यहां हादसे भी हो चुके हैं. इसके बावजूद अब तक सूखे पेड़ की खतरनाक डालियों को काटकर हटाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गयी है.
तेज हवा और बारिश में बढ़ जाता है खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज हवा या बारिश के दौरान पेड़ की कमजोर डालियां टूटकर सड़क पर गिर सकती हैं. इससे जान-माल का नुकसान हो सकता है. लोगों को आशंका है कि समय रहते डालियों को नहीं हटाया गया, तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता.
ये भी पढ़ें- बारिश के बीच दशमफॉल घूमने पहुंचीं कल्पना सोरेन, परिवार के साथ लिया देसी जलपान का स्वाद
दुर्गा पूजा में बढ़ेगी लोगों की आवाजाही
स्थानीय निवासी चितरंजन साहू ने कहा कि आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए इस मार्ग पर वाहनों और लोगों की आवाजाही और बढ़ने वाली है. इसी रास्ते से लोहरदगा, नेतरहाट और रांची समेत विभिन्न क्षेत्रों के लिए लोग आवागमन करते हैं. जिले के अधिकारी भी इसी मार्ग से होकर समाहरणालय पहुंचते हैं.
हादसे से पहले कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि हादसा होने का इंतजार किये बिना सूखे पेड़ की खतरनाक डालियों की तत्काल कटाई करायी जाये. लोगों का कहना है कि समय रहते डालियों को हटाने से किसी अनहोनी को रोका जा सकता है.
ये भी पढ़ें- झारखंड में 5 से 9 साल से टूटे पड़े हैं 20 से ज्यादा पुल, 300 गांवों का मुख्य सड़क से संपर्क टूटा
