गुमला: जिले में तीन से सात अगस्त 2026 तक विशेष अभियान चलाकर नागरिकों के जाति, आय, स्थानीय निवासी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के प्रमाण पत्र बनाये जायेंगे. अभियान के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक हुई.
बैठक में अपर समाहर्ता राजीव नीरज, गुमला, बसिया व चैनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा संबंधित अधिकारी व कर्मी मौजूद थे. उपायुक्त ने अभियान की तैयारियों और कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से अभियान चलाने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने अभियान के नोडल पदाधिकारी अपर समाहर्ता को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि नये आवेदन लेने के साथ पूर्व से लंबित आवेदनों का भी त्वरित निष्पादन कर पात्र आवेदकों को शीघ्र प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाये.
उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित तिथियों में सभी अंचल कार्यालयों और अन्य तय स्थानों पर विशेष शिविर लगाये जायें. शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाये, ताकि अधिक से अधिक लोग अभियान का लाभ उठा सकें.
उपायुक्त ने अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को इसकी जानकारी हर गांव और पंचायत तक पहुंचाने का निर्देश दिया. साथ ही प्रतिदिन निर्गत और वितरित प्रमाण पत्रों का समेकित प्रतिवेदन तैयार कर निर्धारित प्रारूप में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, झारखंड सरकार को ई-मेल के माध्यम से भेजने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने जिले के नागरिकों से राज्य सरकार के इस विशेष अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की.
