सिसई. सिसई प्रखंड में किसानों को यूरिया खाद नहीं मिलने व कालाबाजारी का मामला सामने आने के बाद गुमला प्रशासन हरकत में आया. किसानों की शिकायत पर प्रभात खबर ने यूरिया खाद का मुद्दा उठाया है. इसके बाद गुमला उपायुक्त के निर्देश पर सिसई प्रखंड में यूरिया खाद की कालाबाजारी की जांच के लिए अलग-अलग पांच टीम बनायी गयी. यह टीम गुमला अपर समाहर्ता शशिंद्र बड़ाइक व एसडीओ राजीव नीरज के नेतृत्व में बनाया गया है. बुधवार को पांच टीम बना कर अलग अलग जगहों पर औचक छापेमारी की गयी. इस दौरान लाइसेंस की वैधता, स्टॉक पंजी, प्राप्त उर्वरक को कहां कहां बेचा गया और वर्तमान में लाइसेंसधारी दुकान में कितनी यूरिया स्टॉक है. इसकी गहनता से जांच की गयी. जांच टीम का नेतृत्व अपर समाहर्ता, एसडीओ, जिला कृषि पदाधिकारी, बीडीओ व सीओ कर रहे थे. पांचों अधिकारी प्रखंड क्षेत्र में घूम घूम कर अलग-अलग दुकानों की जांच की. साथ ही दुकानदारों को हिदायत दी गयी कि दुकानों में उपलब्ध स्टॉक को बचा कर न रखें. बल्कि किसानों के बीच यूरिया खाद की बिक्री करें. हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि अभी जांच की गयी है. जांच रिपोर्ट तैयार कर वरीय अधिकारियों को सौंपी जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
