चैनपुर, गुमला : उपायुक्त गुमला के निर्देश पर अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने चैनपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी की. प्रभारी अवर निरीक्षक विकास कुमार निराला के नेतृत्व में चैनपुर बाजार स्थित अनुराग होटल और अजय होटल में कार्रवाई की गयी. चैनपुर पुलिस बल के सहयोग से हुई छापेमारी में दोनों होटलों से कुल 18.685 लीटर अवैध विदेशी शराब, 9.350 लीटर अवैध बियर और 22 लीटर अवैध महुआ जावा बरामद किया गया.
होटल संचालकों पर हुई कार्रवाई
अवैध शराब की बरामदगी के बाद उत्पाद विभाग ने दोनों होटल संचालकों के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की. उनसे उत्पाद संगठन शुल्क जमा कराया गया और बंधपत्र भरवाकर छोड़ दिया गया.
उत्पाद विभाग ने कहा कि राजस्व हित के साथ अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिले में छापामारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
