बिशुनपुर/डुमरी/घाघरा. गुमला जिले के किसान लगातार हो रही है बारिश से संकट में हैं. खासकर जिन किसानों ने सब्जी की खेती की थी, उनकी सब्जियां बर्बाद हो रही हैं. कई किसानों के खेत में ही सब्जी सड़ गये. बिशुनपुर प्रखंड में सब्जी की खेती पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. किसान दिगंबर मुंडा ने बताया कि लगभग एक एकड़ में सब्जी खेती के लिए बंदगोभी और फूलगोभी का बिचड़ा तैयार किया था. लेकिन बारिश से बिचड़ा खेत में डाला नहीं जा सका और वह खराब हो रहा है. किसान रमेश साहू ने कहा कि पिछले एक सप्ताह पूर्व मैं 15 एकड़ जमीन में मटर की खेती के लिए बीज डाला हूं, परंतु लगातार हो रही बारिश ने खेती चौपट कर दी. अब तक उभर कर अंकुरण नहीं हो पा रहा है. लगातार हो रही बारिश से खेत में नमी अधिक हो गयी है. इस कारण संभवतः इस बार मुझे भारी नुकसान का सामना करना पड़ेगा.
डुमरी में बारिश से सब्जी की खेती प्रभावित : विजय
डुमरी. प्रखंड में लगातार हो रही बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है. टांगरडीह ग्राम के किसान विजय भगत ने बताया कि उन्होंने चार एकड़ जमीन पर भिंडी, फरसबीन, बरबटी, बैगन, पत्तागोभी, फूलगोभी समेत कई प्रकार की सब्जियों के लिए बीज खरीदे थे. जिन पर लगभग पांच हजार रुपये खर्च हुए. उन्होंने बताया कि बिचड़ा पूरी तरह तैयार था. लेकिन लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया. पूरा बिचड़ा पानी में गल गया. किसान ने बताया कि सब्जी खेती के साथ-साथ पांच एकड़ टांड़ खेती के लिए भी उन्होंने उड़द, मड़ुवा, बदाम व मकई जैसी फसलों के बीज खरीदे थे. खेतों की जुताई व तैयारी पूरी कर ली गयी थी. लेकिन बार-बार हो रही बारिश ने उसकी सारी मेहनत पर पानी फेर दिया. लगातार बारिश के कारण खेत में काम करना मुश्किल हो गया. बीज डालने का मौका ही नहीं मिला और जो बीज पड़े थे. वह सड़ गये. इस वजह से इस बार न तो सब्जी खेती हो सकी और न ही टांड़ फसल की बुआई हो सकी. सब्जी बीज खरीदने, बिचड़ा तैयार करने, खेत जोतवाने व खाद-पानी के इंतजाम में उन्होंने करीब 10 से 15 हजार रुपये तक का नुकसान झेलना पड़ा है.एक एकड़ में लगी फूलगोभी की खेती बर्बाद : मुंगेश्वर
घाघरा. प्रखंड में लगातार हो रही बारिश से किसानों को नुकसान हो रहा है. सब्जी की खेती के लिए जो बिचड़ा तैयार किया जाता है, वह पूरी तरह से बर्बाद हो गया है. किसान मुंगेश्वर उरांव ने बताया कि लगभग एक एकड़ में फूलगोभी की खेती के लिए वह बिछड़ा तैयार कर रहा था, जो पानी से पूरी तरह बर्बाद हो गया. लगातार बारिश से किसान सब्जी की खेती नहीं कर पा रहे हैं. मुंगेश्वर ने यह भी बताया कि हम जैसे छोटे किसान सब्जी उगा कर बाजारों में बेच कर अपनी जीविका चलाते हैं. परंतु बारिश ने संकट में डाल दिया है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
