गुमलाः पालकोट प्रखंड के टेंगरिया पंचायत अंतर्गत खिजूरटोली गांव को जोड़ने वाली मुख्य कच्ची सड़क बारिश के कारण पूरी तरह बदहाल हो गयी थी. लगातार बारिश से सड़क की मिट्टी बह जाने के कारण जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ जमा हो गया था. इससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी और पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था.
ग्रामीणों ने खुद उठाया सड़क मरम्मत का बीड़ा
ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए पंचायत की मुखिया कमला देवी और वार्ड सदस्य बंधनी देवी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत का बीड़ा उठाया. सरकारी सहायता का इंतजार किये बिना ग्रामीणों ने श्रमदान कर करीब आधा किलोमीटर सड़क को दुरुस्त किया. इस दौरान सड़क पर मिट्टी डालने, गड्ढों को भरने और रास्ते को समतल करने का काम किया गया.
ये भी पढ़ें- सिमडेगा में प्रधानमंत्री आवास की दूसरी किस्त से 80 हजार की धोखाधड़ी का आरोप
हर परिवार ने लिया श्रमदान में हिस्सा
सड़क मरम्मत के काम में मंगल बड़ाईक, छोटू बड़ाईक, संदीप बड़ाईक, संतु महली, दर्शन बड़ाईक, एतवा खड़िया, जानकी कुमारी, दीपिका कुमारी, कलावती कुमारी, रजनी देवी, पुणीता देवी, कमला देवी, सरिता देवी, सावित्री देवी और रंथी देवी सहित गांव के लगभग प्रत्येक परिवार के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
स्थायी सड़क निर्माण की मांग
ग्रामीणों ने कहा कि लगातार बारिश के कारण सड़क की स्थिति बेहद खराब हो गयी थी. आवागमन बाधित होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही थी. सामूहिक प्रयास से फिलहाल रास्ते को चलने लायक बनाया गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क का स्थायी निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बरसात के दौरान दोबारा ऐसी समस्या उत्पन्न न हो.
ये भी पढ़ें- खनन बिल को लेकर कांग्रेस का केंद्र पर हमला, आलोक दुबे बोले- जरूरत पड़ी तो करेंगे आर्थिक नाकेबंदी
