चोरों ने माट'साब को कर दिया कंगाल, बंद घर से ले उड़े 18 लाख के गहने और 1.5 लाख रुपये

Gumla News: गुमला के रामनगर में बंद घर को निशाना बनाकर चोरों ने 18 लाख के गहने और डेढ़ लाख रुपये नकद चोरी कर लिए. शिक्षिका के घर हुई इस घटना से इलाके में दहशत है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट

Gumla News: गुमला शहर के रामनगर इलाके में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने एक शिक्षक के बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. घटना के समय घर के सभी सदस्य बाहर थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने आराम से वारदात को अंजाम दिया.

दरवाजा तोड़कर घर में घुसे चोर

पीड़िता मधुछन्दा सेनगुप्ता, जो एक निजी विद्यालय में शिक्षिका हैं, ने बताया कि उनके घर में कोई मौजूद नहीं था. इसी दौरान चोरों ने मुख्य दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी व अन्य जगहों को खंगालते हुए कीमती सामान लेकर फरार हो गए. घटना के बाद उन्होंने सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.

झुमका-बाली सब साफ

चोरी गए सामानों में सोने के दो नेकलेस, पांच लॉकेट, कंगन, झुमका, बाली, टॉप्स, पांच अंगूठियां और पांच सेट मंगलसूत्र शामिल हैं. इसके अलावा चोर चार चांदी के चैन, पांच जोड़ी पायल, तीन सिंदूरदानी और चांदी का बिहिया भी ले उड़े. पीड़िता के अनुसार, इन आभूषणों की कुल कीमत करीब 18 लाख रुपये है. साथ ही चोर लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद भी अपने साथ ले गए.

किसान विकास पत्र भी नहीं छोड़ा

चोरों ने सिर्फ गहनों और नकदी तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि घर में रखे डाकघर के किसान विकास पत्र (केवीपी) को भी चुरा लिया. यह केवीपी वर्ष 2018 में परिपक्व हो चुका था. इससे साफ है कि चोरों ने घर के हर कोने को खंगालते हुए हर कीमती वस्तु पर हाथ साफ किया.

घटना से इलाके में दहशत, बढ़ी गश्त की मांग

इस घटना के बाद पूरे रामनगर इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके. लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.

पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके.

इसे भी पढ़ें: पलामू के हरिहरगंज में इंजेक्शन लगाने के बाद महिला की मौत, दंत चिकित्सक फरार

जल्द गिरफ्तारी का दावा

पुलिस का कहना है कि इस मामले में जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वहीं, पीड़िता ने प्रशासन से चोरी गए सामानों की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

इसे भी पढ़ें: होम गार्ड बहाली में चक्कर खा कर गिरा ट्रैफिक पुलिस जवान, सरायकेला के अस्पताल में इलाज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >