मां दुर्गा की भक्ति डूबा गुमला

शारदीय नवरात्र. भक्ति गीतों से गूंज रहा है शहर, चारों ओर दिख रहा उत्साह, सीसीटीवी से रखी जा रही है नजर

गुमला. गुमला जिले के सभी 12 प्रखंडों में लोग मां दुर्गा की भक्ति में डूब गये हैं. चारों ओर उत्साह व उमंग है. मां दुर्गा के मधुर गीतों से पूरा गुमला गूंज रहा है. शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा की आराधना के लिए भक्तों की भीड़ पूजा पंडालों में उमड़ रही है. मंगलवार को महाअष्टमी की पूजा में आस्था का जनसैलाब विभिन्न पूजा पंडालों में स्थापित मां की प्रतिमा के समक्ष उमड़ पड़ा. महिलाओं ने उपवास रख कर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की. महाअष्टमी पूजनोत्सव में शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु भाग लिए. अगले दो दिनों तक मां की विधि विधान पूर्वक पूजा की जायेगी. गुमला जिले में 85 स्थानों पर पूजा की जा रही है. विभिन्न पूजा समितियों द्वारा महाअष्टमी पर भंडारा का आयोजन किया गया. मां दुर्गा की आरती उतारी गयी. इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. भंडारा में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर मां का आशीर्वाद लिया. आस्था का अटूट मिलाप पूजा पंडालों में देखने को मिला. श्रद्धालु कभी हाथ जोड़ मां का नमन करते, तो कभी अपलक मां की प्रतिमा निहारते. पंडालों की सज्जा के साथ-साथ आसपास आकर्षक विद्युत सज्जा की गयी, जो बरबस श्रद्धालुओं का मन मोह रहा है. पूजा पंडालों के बाहर मेले का दृश्य है. कहीं खिलौने की, तो कहीं मिठाइयों व गुपचुप की दुकानें सजी हुई हैं.

इन स्थानों पर होगा रावण दहन

शहर के परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम में 6.30 बजे रावण दहन होगा. इसमें 30 हजार से अधिक भीड़ उमड़ेगी. अरमई डुमरडीह व करौंदी में 6.30 बजे रावण दहन होगा. डुमरडीह में पूर्वी क्षेत्र के लगभग 20 से 25 हजारों लोगों की भीड़ उमड़ती है. मुरकुंडा गांव में हाई स्कूल मैदान में शाम छह बजे रावण दहन होगा. टोटो में भी रावण दहन किया जाता है. बसिया प्रखंड में धर्मशाला के समीप मैदान में शाम 6.00 बजे रावण दहन होता है, यहां मेला भी लगता है. चैनपुर प्रखंड में मंदिर परिसर के समीप रावण दहन शाम 7.30 बजे होता है. मेला जैसा माहौल रहता है. रायडीह प्रखंड के मांझाटोली शंख मोड़ के समीप रावण दहन होता है. चूंकि छत्तीसगढ़ चंद फासलों पर है. इस कारण यहां झारखंड व छत्तीसगढ़ राज्य के लोग जुटते हैं.

डीसी, एसपी व एसडीओ कर रहे हैं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी

गुमला में दुर्गा पूजा व दशहरा को लेकर सीसीटीवी कैमरे से पूरे गुमला शहर पर नजर रखी जा रही है. जगह-जगह पर सीसीटीवी कैमरे लगाया गया है, जिससे पूजा के दौरान कहीं कोई विघ्न न पड़े. सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी खुद डीसी, एसपी व एसडीओ कर रहे हैं.

लोगों से अपील

कहीं भी लगे कि कुछ अनहोनी होनी वाली है, तो तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दें, ताकि तनाव की स्थिति को रोका जा सके. साथ ही असामाजिक तत्वों की सूचना पुलिस को दे, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके. कहीं महिलाएं व युवतियों से छेड़छाड़ की घटना हो, तो इसे रोकने की पहल करें

कोई भी सूचना, इन नंबरों पर दें

एसपी गुमला : 9431706376गुमला एसडीपीओ : 9431706202बसिया एसडीपीओ : 9471182118चैनपुर एसडीपीओ : 9431103773गुमला थाना प्रभारी : 9431706206प्रभात खबर ब्यूरो : 9471501007प्रभात खबर कार्यालय : 7004243637

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >