प्रतिनिधि, पालकोट, गुमला
गुमला के पालकोट प्रखंड में बारिश की स्थित चिंताजनक है. जिससे किसान परेशान व हताश हैं. किसानों ने अच्छी बारिश हो. इसके लिए अब गांव के देवी देवता व इंद्र भगवान को खुश करने में जुट गये हैं. इसी के तहत पालकोट प्रखंड के बंगरू गांव में ग्रामीणों ने परंपरा के अनुसार आसाढ़ माह में ग्राम देवी की विधिवत पूजा-अर्चना की. गांव के देवी मंडप परिसर में पहान बैगा एवं पुजार बैगा वाना खड़िया ने वैदिक परंपरा के अनुसार पूजा संपन्न करायी. इस दौरान गांव में सुख-शांति, अच्छी वर्षा, भरपूर फसल तथा लोगों को महामारी और विभिन्न बीमारियों से सुरक्षित रखने की कामना की गयी.
ग्रामीणों ने बताया कि यह पूजा प्रत्येक वर्ष आसाढ़ माह में आयोजित की जाती है. इस अवसर पर ग्राम देवी एवं पूर्वज देवी-देवताओं की आराधना कर गांव की खुशहाली, समृद्धि और कृषि की बेहतर उपज की प्रार्थना की जाती है. पूजा कार्यक्रम में सुशील लकड़ा, सोमरु बड़ाइक, रंथा खड़िया, कृष्णा राम, लाली खड़ियाइन, विरन डुगडुगं, कृष्णा महली, शंकर बड़ाइक, संजय बड़ाइक, प्रदीप बड़ाइक, विनय बड़ाइक, लालमोहन बड़ाइक, नरेश बड़ाइक, लालदेव महली, शत्रुधन महली, सुधीर खड़िया, रामलाल लोहरा, रवि लोहरा, अर्जुन बड़ाइक, लोंगथ सोरेंग सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
