गुमला: घाघरा प्रखंड के गोया गांव में आयोजित चार दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला गया. प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग की 32 और जूनियर वर्ग की 12 टीमों ने हिस्सा लिया.
समापन समारोह में आयोजक बबलू खान ने खिलाड़ियों, टीम प्रबंधकों, खेलप्रेमियों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि गोया में प्रत्येक वर्ष फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित करने का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है. ग्रामीण इलाकों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें अवसर देने की है.
उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, मेहनत और टीम भावना सिखाता है. खिलाड़ियों को हार-जीत की चिंता किए बिना खेल भावना के साथ मैदान में उतरना चाहिए और अपने प्रदर्शन को लगातार बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए. उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में प्रतियोगिता को और बेहतर एवं व्यापक रूप देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक स्थानीय खिलाड़ी इसमें भाग ले सकें.
एसएलडी गुमला डीपाटोली बनी विजेता
फाइनल मुकाबले में सीनियर वर्ग में एसएलडी गुमला डीपाटोली की टीम विजेता बनी. विजेता टीम को विशाल खस्सी और 5,000 रुपये नकद पुरस्कार दिया गया. बसुआ पतराटोली की टीम उपविजेता रही. उसे विशाल खस्सी और 3,000 रुपये नकद पुरस्कार मिला.
तीसरे स्थान पर जूनियर एफसी की टीम रही. उसे विशाल खस्सी और 2,000 रुपये नकद पुरस्कार दिया गया. चौथे स्थान पर एमआरडी कोचा की टीम रही, जिसे खस्सी और 1,000 रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया.
समापन समारोह में अध्यक्ष शेर खान, सचिव सुरेश उरांव, आयोजक बबलू खान सहित तमाम टीमों के सदस्य और खेलप्रेमी मौजूद रहे.
