सड़क दुर्घटना में दो चचेरे भाइयों की मौत, युवती घायल

दीपावली की रात मरचा मोड़ के समीप रांची-सिमडेगा मुख्य पथ पर हुआ हादसा

कामडारा(गुमला). दीपावली की रात जहां लोग दीप जला कर खुशियां मना रहे थे, वहीं देर रात कामडारा के दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गयी. युवकों की मौत से क्षेत्र का माहौल गमगीन हो गया. कामडारा व रनिया थाना क्षेत्र के सीमावर्ती स्थित मरचा मोड़ के समीप रांची-सिमडेगा मुख्य पथ पर भीषण सड़क हादसा हुआ है. इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गयी और बाइक सवार एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गयी. मृतकों में अमृत तोपनो (23 वर्ष) और विलसन तोपनो (18 वर्ष) शामिल हैं. दोनों मृतक कामडारा खास के निवासी थे और रिश्ते में चचेरे भाई लगते थे, जबकि घायल युवती के नाम के बारे पता नहीं चल पाया है. हादसे के बाद वह बेहोश है. लोगों के अनुसार युवती मरचा लेटेर इलाके की बतायी जा रही है. घटना सोमवार की रात्रि 11.30 बजे के करीब की है. बताया जा रहा है कि घटना की रात करीब नौ बजे तक दोनों युवक गांव में ही थे. कब और कहां बाइक लेकर निकल गये. यह किसी को पता नहीं चला. घटना की जानकारी देर रात परिजनों को मिली. तब पता चला कि दोनों युवकों की हादसे में मौत हो गयी है. बाइक सवार दोनों युवक एक युवती को बैठा कर तोरपा से कामडारा आ रहे रहे थे. इस बीच किसी अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में लेकर फरार हो गया. घटनास्थल पर ही बाइक चालक अमृत तोपनो की मौत हो गयी. जबकि गंभीर रूप से जख्मी युवक विलसन तोपनो और युवती को इलाज के लिए तोरपा रेफरल अस्पताल से सदर अस्पताल खूंटी रेफर किया गया, जहां घायल विलसन की मौत हो गयी. रनिया पुलिस दोनों शवों को बरामद कर खूंटी सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया. घायल युवती को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >