घाघरा थाना परिसर में लगी आग, कई गाड़ियां जलकर खाक

Gumla News: गुमला के घाघरा थाना परिसर में भीषण आग लगने से कई जब्त वाहन जलकर राख हो गए. घटना में गुमटी भी पूरी तरह नष्ट हो गई. आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस जांच में जुटी है और दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

घाघरा से अजीत साहू की रिपोर्ट

Gumla News: झारखंड के गुमला जिले के घाघरा थाना परिसर में मंगलवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि थाना परिसर में खड़े कई जब्त वाहन देखते ही देखते जलकर राख हो गए. इस घटना से पुलिस महकमे के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया.

आधा दर्जन से अधिक वाहन जलकर खाक

आग की चपेट में आकर थाना परिसर में रखे आधा दर्जन से अधिक वाहन पूरी तरह नष्ट हो गए. इनमें पांच पैसेंजर टेंपो, एक टाटा मैजिक, एक मालवाहक पिकअप और कई मोटरसाइकिल शामिल हैं. ये सभी वाहन विभिन्न मामलों में जब्त कर थाना परिसर के पीछे रखे गए थे. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि किसी भी वाहन को बचाया नहीं जा सका.

बाउंड्री के बाहर लगी गुमटी भी जली

घटना में थाना परिसर की बाउंड्री के बाहर स्थित एक गुमटी भी पूरी तरह जलकर राख हो गई. गुमटी संचालक विमल घोष ने बताया कि इस आगजनी में उन्हें करीब 45 हजार रुपये का नुकसान हुआ है. गुमटी में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.

आग लगने के कारणों पर संशय

आग कैसे लगी, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. हालांकि, घटना को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. कुछ लोगों का मानना है कि पहले गुमटी में आग लगी होगी, जो बाद में थाना परिसर के अंदर पहुंच गई. वहीं दूसरी संभावना यह भी जताई जा रही है कि थाना परिसर के अंदर पहले आग लगी और फिर बाहर तक फैल गई.

कचरे में आग या शॉर्ट सर्किट की आशंका

थानेदार मोहन कुमार सिंह ने बताया कि थाना परिसर के बाहर लोग अक्सर कचरा फेंकते हैं. संभव है कि किसी ने कचरे में आग लगा दी हो, जिससे यह हादसा हुआ. इसके अलावा थाना के सामने लगे दो ट्रांसफार्मरों से शॉर्ट सर्किट की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

दमकल की मदद से आग पर पाया गया काबू

आग लगने के बाद पुलिस जवानों और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि काबू पाना मुश्किल हो गया. स्थिति बिगड़ने पर दमकल विभाग को सूचना दी गई. दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया. हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था.

इसे भी पढ़ें: चंद्रपुरा थर्मल प्लांट में मजदूरों की भूख हड़ताल शुरू, लंबा चलेगा आंदोलन

जांच में जुटी पुलिस, नुकसान का आकलन जारी

घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है. साथ ही, इस घटना में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है. प्रशासन का कहना है कि दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: गिरिडीह में चोरों ने पहले की चोरी, फिर घर में लगा दी आग! 5 लाख से अधिक की संपत्ति खाक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >