चैनपुर. प्रखंड मुख्यालय सहित पूरे प्रखंड क्षेत्र में हरितालिका तीज एवं गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम एवं भक्तिभाव के वातावरण में मनाया गया. दोनों पर्वों को लेकर क्षेत्र में सुबह से ही श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा.
शिव-पार्वती की पूजा कर सुहागिनों ने सुनी तीज की कथा
सुहागिन महिलाओं ने पूजा स्थल पर भगवान शिव व पार्वती की बालू की प्रतिमा बनाकर बड़े ही भक्तिभाव से पूजा की और तीज की कथा सुनी. महिलाओं ने भगवान शिव व पार्वती की पूजा कर अपने-अपने पति की लंबी आयु की कामना की.
दुर्गा मंडप में स्थापित की गयी गणेश प्रतिमा
वहीं, गणेश चतुर्थी को लेकर चैनपुर दुर्गा मंडप परिसर में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा की गयी. भगवान गणेश की पूजा के लिए काफी आकर्षक पूजा पंडाल बनाया गया है.
एमएलए रोड में भी बना पूजा पंडाल
इसके साथ ही श्री गणेश पूजा के लिए एमएलए रोड में भी पूजा पंडाल बनाया गया है. दोनों पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही. भक्तों ने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की.
