गुमला. विश्व शांति दिवस के अवसर पर लायंस क्लब गुमला की ओर से गांधी पार्क में कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में शांति, अहिंसा और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया. क्लब के सदस्यों ने महात्मा गांधी के विचारों को याद करते हुए समाज में भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया.
संवाद और सहयोग से बनेगा शांतिपूर्ण समाज
क्लब के सचिव एमजेएफ लायन डॉ. शंकर लाल जाजोदिया ने कहा कि शांति केवल एक दिन का संदेश नहीं, बल्कि इसे जीवन में अपनाने का संकल्प है. उन्होंने कहा कि आज दुनिया को हिंसा और तनाव के बजाय संवाद, सहयोग और सह-अस्तित्व की जरूरत है. उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाते हैं. शांति की शुरुआत घर और समाज से होती है और हर व्यक्ति इसमें अपनी भूमिका निभा सकता है. कार्यक्रम में अध्यक्ष लायन पदम कुमार साबू, सचिव डॉ. शंकर लाल जाजोदिया, कोषाध्यक्ष संजय कुमार अग्रवाल, अशोक कुमार जायसवाल, मनमोहन केसरी, दामोदर कसेरा, हेमंत कुमार, किरण केसरी और शशि किरण जायसवाल सहित क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे.
