बॉक्साइट से करोड़ों रुपये राजस्व वसूली, फिर भी सड़क चलने लायक नहीं : संयोजक

बॉक्साइट माइंस क्षेत्र के गांवों का दौरा कर जर्जर सड़कों का लिया जायजा

घाघरा. झारखंड नवनिर्माण दल व बॉक्साइट माइंस रैयत मजदूर समिति द्वारा ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रभारी सह झारखंड नवनिर्माण दल के केंद्रीय संयोजक विजय सिंह ने समिति के सदस्यों के साथ बॉक्साइट माइंस क्षेत्र के गांवों का दौरा कर जर्जर हो चुकी सड़कों की स्थिति की जानकारी ली. साथ ही प्रभावित गांवों के लोगों से बातचीत की. संयोजक विजय सिंह ने कहा है कि इटकिरी से नवाटोली, सरांगो, लप्सर होते हुए सेरेंगदाग तक तथा आदर से विमरला गांव तक की सड़क पैदल चलने लायक नहीं है. सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए ओनर एसोसिएशन भी अपना नुकसान सहते हुए सड़क की मरम्मत होने तक गाड़ी चलाना बंद कर दिया है. ग्रामीणों ने बताया कि हमलोग भगवान भरोसे हैं. एक तरफ अरबों रुपये की लागत से राज्य में चौड़ी हाइवे सड़क केंद्र व राज्य सरकार बना रही है और हमलोगों को आजादी के 78 साल बाद भी चलने लायक सड़क तक नसीब नहीं हो रही है. यह हमारे लिए दुर्भाग्य से कम नहीं है.

15 दिनों में सड़क बननी शुरू नहीं, हुई तो करेंगे आंदोलन

विजय सिंह ने कहा कि करोड़ों रुपये बॉक्साइट का सरकार को रॉयल्टी देने वाली गांव क्षेत्र के लोग अति जर्जर सड़क में चलने के लिए क्यों मजबूर हैं. केंद्र व राज्य सरकार इसका जवाब दें. श्री सिंह ने कहा कि खराब सड़क में गाड़ी से तो क्या पैदल चलना भी मुश्किल है. गुमला जिला प्रशासन को जरा इस रोड में अभी आकर देखना चाहिए. इससे उन्हें भी जनता का कष्ट का पता चलेगा. सांसद व विधायक सिर्फ चुनाव के समय में आते हैं और जनता से झूठे वादे कर वोट हासिल कर चले जाते हैं. बरसात में कीचड़ व धूप के दिन में जानलेवा धूलकण से लोग परेशान रहते हैं और प्रदूषण से कई तरह के अज्ञात बीमारियों से लोग शिकार हो रहे हैं, जिसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. श्री सिंह ने कहा है कि 15 दिनों के अंदर सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं कराये जाने की स्थिति में ग्रामीणों को संगठित कर आंदोलन किया जायेगा, जिसकी सारी जवाबदेही जिला प्रशासन व सरकार की होगी.

खराब सड़क होने से हिंडालको ने बस सेवा बंद की

आदर मलगो गांव की महिलाओं ने बताया कि आदर से विमरला तक की सड़क इतनी खराब है कि एक महीना से हिंडालको द्वारा चलायी जाने वाली स्कूली बसों को भी बंद करना पड़ा है. मौके पर दल के वरिष्ठ नेता धर्मपाल उरांव, झारखंड नवनिर्माण दल के प्रखंड प्रभारी बसंत बड़ाइक, कृष्णा वर्मा, जनम उरांव, रामकुमार पहान, हउड़ा मुंडा, संजय उरांव, जयपाल उरांव, बिंदेश्वर महतो, महेंद्र साहू, शंकर साहू, रतिया उरांव, गजेंद्र महली, जितनी देवी, उर्मिला देवी, अमृता देवी, पूजा कुमारी, दीपिका देवी आदि शामिल थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >