गुमला. जिले में अलग-अलग प्रखंडों में चार घटनाएं घटीं, जिसमें चार लोगों की मौत हो गयी है. सभी शवों को पुलिस द्वारा कब्जे में लेकर सदर अस्पताल लाया गया, जहां मंगलवार को सभी शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को शवों को सौंप दिया गया है. पहली घटना सिसई थाना क्षेत्र की है, जहां लकेया निवासी कुलबीर सिंह (53 वर्ष) अपने घर में रस्सी के सहारे फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली. सोमवार को दिन में घर के सदस्य सभी काम से बाहर गये हुए थे. वहीं मृतक घर में अकेला था और नशे की हालात में रस्सी के सहारे फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली. दूसरी घटना घाघरा थाना क्षेत्र की कुगांव निवासी 36 वर्षीय सरोज सिंह की मौत देवकी मोड़ के समीप बॉक्साइट ट्रक की चपेट में आने से हो गयी. बताया जा रहा है कि सरोज अपनी बाइक से आदर गया हुआ था, जहां से शाम में लौटने के क्रम में दुर्घटना घटी. तीसरी घटना डुमरी थाना क्षेत्र की भागीटोली गांव की है, जहां 58 वर्षीय प्रवीण मिंज अपने मवेशी को चराने गया हुआ था. वह पेड़ के नीचे बैठा था, तभी पेड़ की डाली उस पर गिर गयी, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. चौथी घटना जारी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर पंचायत के पाची गांव की है. पाची गांव निवासी फुलजेम्स एक्का (43) पिता स्व पौलुस एक्का की कुएं में डूबने से मौत हो गयी. घटना के संबंध में परिजनों ने बताया वह 15 फरवरी से लापता था. उसकी खोजबीन की जा रही थी. लेकिन कहीं भी उसका पता नहीं चल पा रहा था. इधर मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे घर से करीब डेढ़ किमी दूर एक कुएं में लोगों ने एक शव को देखा. ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया, तब उसकी पहचान फुलजेम्स एक्का के रूप में की गयी. परिजनों ने बताया कि कुछ दिनों से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही थी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।